जालंधर, 21 फरवरी 2026: महानगर के अर्बन एस्टेट फेज-2 इलाके में पुलिस ने एक नामी रेस्टोरेंट में चल रहे अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। थाना नंबर 7 की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ‘पैड्रिनो रेस्टोरेंट’ पर छापेमारी कर भारी मात्रा में हुक्का, नशीले फ्लेवर और अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अर्बन एस्टेट स्थित इस रेस्टोरेंट में खाने-पीने की आड़ में ग्राहकों को अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। एसएचओ बलजिंदर सिंह के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने छापा मारा, तो वहां कई युवक हुक्का पीते हुए पाए गए।
पुलिस ने मौके से रेस्टोरेंट के दो मालिकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गुरप्रीत सिंह (निवासी छोटा रइया, अमृतसर) और जसवीर सिंह (निवासी नकोदर) के रूप में हुई है।
मौके से कई हुक्के और प्रतिबंधित फ्लेवर के पैकेट बरामद कर उन्हें सील कर दिया गया है।
थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत पर रिहा कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा रेस्टोरेंट में हुक्का परोसा गया, तो लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जालंधर पुलिस ने शहर के अन्य रेस्टोरेंट और कैफे संचालकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या तंबाकू उत्पादों का उल्लंघन न करें।






