अबोहर, 14 फरवरी 2026: वैलेंटाइन डे के दिन अबोहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम आरती बताया जा रहा है।
पुलिस हिरासत में आरोपी ने खुलासा किया कि वह आरती से शादी करना चाहता था, लेकिन करीब दो महीने पहले उसे पता चला कि वह किसी अन्य युवक से भी संपर्क में है। सोशल मीडिया पर देखी गई तस्वीरों के बाद आरोपी के मन में नफरत बढ़ती चली गई और उसने हत्या की साजिश रच डाली।
बताया जा रहा है कि वारदात से एक दिन पहले सचिन ने बाजार से 300 रुपये की कुल्हाड़ी खरीदी और उसे बैग में छिपा लिया। वैलेंटाइन डे के दिन उसने आरती को सरप्राइज देने के बहाने मिलने बुलाया और मलोट रोड स्थित एक होटल में ले गया। वहां उसने प्रेमिका की आंखों पर पट्टी बांधकर चेन पहनाने के बहाने उसकी गर्दन झुकवाई और बैग से कुल्हाड़ी निकालकर उस पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और अपने भाई राहुल को फोन कर हत्या की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपने कृत्य पर पछतावा जताते हुए इसे बड़ी गलती बताया है।






