लुधियाना, 12 फरवरी 2026: लुधियाना के सराभा नगर इलाके में गुरुद्वारा साहिब के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एक तेज रफ्तार सफेद रुबिकॉन जीप और यामाहा आर15 बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मपुरा निवासी लक्ष्य (17) आज सुबह अपने दोस्तों के साथ पूरी खरीदने के लिए घर से निकला था। लक्ष्य चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय का छात्र था। जैसे ही वे सराभा नगर गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे, उनकी बाइक सामने से आ रही सफेद रुबिकॉन जीप से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लक्ष्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रुबिकॉन जीप की यामाहा आर15 बाइक से टक्कर हुई है। पुलिस ने जीप चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।






