गांव सफदलपुर से श्रद्धालुओं का जत्था धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना
पटियाला, 9 फरवरी 2026: प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के सक्षम नेतृत्व में चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित हो रही है। यह विचार विधायक गुरलाल घनौर ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पटियाला हलके के गांव सफदलपुर से श्रद्धालुओं के जत्थे की बस को पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना करते समय व्यक्त किए।
गांव सफदलपुर में श्रद्धालुओं की बस को रवाना करते हुए विधायक गुरलाल घनौर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के लिए किया गया यह प्रयास सराहनीय है। इस योजना का उद्देश्य आम लोगों को बिना किसी आर्थिक बोझ के धार्मिक यात्रा का सौभाग्य प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि लोगों में इन धार्मिक यात्राओं को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ठहरने, भोजन के साथ-साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री दरबार साहिब, अमृतसर, दुर्गियाना मंदिर आदि के दर्शन करेंगे।
इस अवसर पर बीडीपीओ जतिंदर सिंह ढिल्लों, जिला परिषद सदस्य सहजपाल सिंह लाडा तथा क्षेत्र के निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।






