लुधियाना, 30 जनवरी 2026: लुधियाना के गिल रोड पर लोहार पुल के पास इंडियन ऑयल कंपनी के पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक कार से टकराने के बाद सीएनजी गैस से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई, जो कुछ ही मिनटों में आग के गोले में तब्दील हो गई।
लुधियाना-दोराहा मुख्य सड़क के बीचों-बीच जल रहे टैंकर से चालक और क्लीनर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। गनीमत यह रही कि टैंकर में विस्फोट नहीं हुआ, वरना यह हादसा बेहद जानलेवा साबित हो सकता था।
घटना की जानकारी देते हुए पेट्रोल पंप के मालिक राजू शर्मा ने बताया कि सड़क पर चल रही एक कार से टक्कर के करीब 10 मिनट बाद टैंकर में आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे के समय मौके पर मौजूद कुछ लोग तमाशबीन बने रहे और अपने मोबाइल फोन पर वीडियो बनाते रहे, जबकि आग की लपटें आसमान तक उठने लगी थीं। पेट्रोल पंप के स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों और पानी के तेज जेट से आग पर काबू पाने की कोशिश की।
राजू शर्मा ने कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता, तो लुधियाना-दोराहा मुख्य सड़क पर एक बड़ा धमाका हो सकता था। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।






