HomeSportsभारत ने न्यूजीलैंड को हराकर दूसरा टी-20 जीता, सीरीज में 2-0 की...

भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर दूसरा टी-20 जीता, सीरीज में 2-0 की बढ़त

रायपुर, 24 जनवरी 2026: भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर दूसरा टी-20 मुकाबला जीत लिया और इसके साथ ही तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। रायपुर में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 208 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 15.2 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया के लिए तूफानी और नाबाद 82 रन बनाए। उन्होंने 37 गेंदों की अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए। यह अर्धशतक सूर्यकुमार यादव का 468 दिन और 23 पारियों के बाद आया है। इससे पहले उन्होंने साल 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक लगाया था।

सूर्यकुमार यादव से पहले ईशान किशन ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा। संजू सैमसन (6) और अभिषेक शर्मा (0) के जल्दी आउट होने के बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और महज 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। करीब डेढ़ साल बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले ईशान ने 32 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनके अलावा शिवम दुबे ने भी 18 गेंदों में नाबाद 36 रन की उपयोगी पारी खेली।

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सेंटनर ने 27 गेंदों में 47 रन बनाए और टीम के लिए सर्वाधिक रन जुटाए। रचिन रवींद्र ने 26 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली, जबकि टिम सीफर्ट ने 24 रन बनाए। डेवोन कॉनवे ने 9 गेंदों पर 19, ग्लेन फिलिप्स ने 19, डैरिल मिचेल ने 18 और जैकब फॉक्सक्रॉफ्ट ने 15 रन का योगदान दिया।

भारतीय गेंदबाजों की ओर से कुलदीप यादव सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट झटके। वहीं हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट हासिल किया।

इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में मजबूत बढ़त बना ली है और अगला मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने का लक्ष्य रखेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments