मंत्री संजीव अरोड़ा का बड़ा ऐला
चंडीगढ़, 7 जनवरी 2026: पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और प्रवासी भारतीय मामलों के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने आज घोषणा की कि देश की अग्रणी एडहेसिव और निर्माण रसायन निर्माता कंपनी पिडिलाइट इंडस्ट्रीज लिमिटेड पंजाब में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक नई विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी।
यह प्रस्तावित परियोजना पटियाला जिले के राजपुरा क्षेत्र में उप-तहसील घनौर के अंतर्गत गांव माजरी फकीरां और गांव सोहणे माजरा में लगभग 31 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी। इस इकाई में पानी आधारित एडहेसिव और वॉटरप्रूफिंग उत्पादों का मिश्रण और ब्लेंडिंग की जाएगी।
मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि इस संयंत्र की कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 2 लाख मीट्रिक टन होगी, जिसमें 1.40 लाख मीट्रिक टन पानी आधारित एडहेसिव और 60 हजार मीट्रिक टन वॉटरप्रूफिंग उत्पाद शामिल होंगे। यह इकाई मुख्य रूप से घरेलू बाजार की जरूरतों को पूरा करेगी, जबकि भविष्य में आसपास के बाजारों में निर्यात की भी संभावना रहेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 300 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है, जिनमें कुशल, अर्ध-कुशल और पर्यवेक्षी श्रेणियों की नौकरियां शामिल होंगी। यह संयंत्र आधुनिक मशीनरी, उन्नत तकनीक और पर्यावरण, स्वास्थ्य व सुरक्षा (EHS) मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिडिलाइट इंडस्ट्रीज लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1969 में हुई थी और यह भारत में उपभोक्ता एवं विशेष रसायनों के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी है। कंपनी का प्रमुख ब्रांड ‘फेविकोल’ देश के सबसे भरोसेमंद ब्रांड्स में से एक है।
संजीव अरोड़ा ने कहा कि यह निवेश उत्तर भारत में पिडिलाइट की विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने और बढ़ती क्षेत्रीय मांग को पूरा करने की रणनीति का हिस्सा है। यह परियोजना पूरी तरह आंतरिक संसाधनों से वित्तपोषित होगी और दिसंबर 2027 तक इसके व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि यह बड़ा निवेश एक बार फिर साबित करता है कि पंजाब मजबूत औद्योगिक ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और निवेशक-अनुकूल नीतियों के कारण बड़े उद्योगों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनता जा रहा है।






