जल्द लागू की जाएंगी और जनहितैषी योजनाएं – चेयरमैन हडाणा
पटियाला, 3 जनवरी 2026 : रणजोध सिंह हडाणा, चेयरमैन पीआरटीसी पंजाब एवं हलका इंचार्ज सनौर द्वारा यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नए बस स्टैंड, पटियाला में निर्मित नए टर्मिनल शेड को जनता को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने भगवंत सिंह मान, माननीय मुख्यमंत्री पंजाब तथा लालजीत सिंह भुल्लर, परिवहन मंत्री पंजाब द्वारा विभाग के लिए किए गए प्रयासों के लिए विशेष रूप से धन्यवाद किया।
टर्मिनल शेड का उद्घाटन करने के बाद चेयरमैन रणजोध हडाणा ने जानकारी देते हुए कहा कि यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए काउंटरों के दोनों ओर विशाल टर्मिनल शेड का निर्माण करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि लगभग 167.32 लाख की लागत से तैयार यह परियोजना करीब 6 महीनों की अवधि में पूरी की गई है। इस शेड के लोकार्पण से अब यात्रियों को गर्मियों की तेज धूप, सर्दियों की कड़ाके की ठंड और मानसून के दौरान बारिश से राहत मिलेगी। इससे बस स्टैंड पर प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और बस स्टैंड की सुंदरता में भी वृद्धि हुई है।
चेयरमैन हडाणा ने कहा कि पंजाब सरकार यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी पीआरटीसी द्वारा जनहितैषी योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की सुविधा के लिए नई बसें भी जल्द ही पीआरटीसी के बेड़े में शामिल की जा रही हैं।
इस अवसर पर नवदीप कुमार, अतिरिक्त मैनेजिंग डायरेक्टर, जतिंदरपाल सिंह ग्रेवाल, जी.एम. पटियाला सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
फोटो – शेड के उद्घाटन अवसर पर चेयरमैन रणजोध सिंह हडाणा एवं अन्य अधिकारी






