बर्लिन/नई दिल्ली, 17 दिसंबर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंच गए। एयरपोर्ट पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल गांधी इस दौरे के दौरान भारतीय समुदाय से सीधा संवाद करेंगे और यूरोप में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने पर जोर देंगे।
अपने प्रवास के दौरान राहुल गांधी बर्लिन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे और यूरोप में कांग्रेस की विभिन्न इकाइयों के अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। IOC के अनुसार, वह प्रवासी भारतीयों (एनआरआई) के मुद्दों को सुनेंगे और पार्टी के विजन को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। वह 20 दिसंबर तक जर्मनी में रहेंगे, जबकि भारत में संसद का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर तक जारी है। इस दौरान उनके विदेश दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि पिछले छह महीनों में राहुल गांधी का यह चौथा विदेश दौरा है। इससे पहले वह लंदन, मलेशिया और ब्राजील-कोलंबिया की यात्रा कर चुके हैं।






