मोहाली/चंडीगढ़, 17 दिसंबर: मोहाली के चर्चित राणा बलाचौरिया हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। एसएएस नगर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हुए गैंगस्टर हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में छिपा हुआ है। जब पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से मिड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के दो जवान भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक हरपिंदर मिड्डू तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं गांव का रहने वाला था और पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार एक शातिर अपराधी था। वह कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में वांछित था।
पंजाब पुलिस ने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से मुठभेड़ की जानकारी साझा की थी, जबकि अब आरोपी की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है।






