कोलंबो 17 दिसंबर: श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भारत के पूर्व फील्डिंग कोच आर. श्रीधर को आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के अंत तक श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल 11 दिसंबर 2025 से 10 मार्च 2026 तक रहेगा।
आर. श्रीधर वर्ष 2014 से 2021 तक भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने इस वर्ष की शुरुआत में श्रीलंका के नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर में 10 दिवसीय विशेष फील्डिंग कैंप भी आयोजित किया था।
श्रीलंका क्रिकेट द्वारा जारी बयान के अनुसार, बीसीसीआई लेवल-3 कोच श्रीधर ने 300 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी सेवाएं दी हैं। वह अब श्रीलंका टीम की फील्डिंग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे और पाकिस्तान व इंग्लैंड के आगामी दौरों के दौरान खिलाड़ियों के साथ काम करेंगे। इसके बाद टी-20 विश्व कप की तैयारियां शुरू होंगी।
गौरतलब है कि भारत और श्रीलंका टी-20 विश्व कप के संयुक्त मेज़बान हैं। आर. श्रीधर ने कहा कि उनका लक्ष्य टीम में खेल भावना, जागरूकता और गर्व का माहौल तैयार करना है, जिससे खिलाड़ियों की फील्डिंग में स्वाभाविक सुधार हो सके।






