लुधियाना: लुधियाना के गुरु अर्जन देव नगर इलाके में एक मां अपने दोनों लापता बेटों को ढूंढने के लिए दर-दर भटक रही है। हाथों में बच्चों के लापता होने के पोस्टर लेकर वह लोगों से मदद की अपील कर रही है। लापता बच्चों की पहचान रितिक (8 वर्ष) और अभिषेक (13 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले पांच दिनों से लापता हैं।
मां का कहना है कि बच्चों की तलाश के लिए पुलिस को शिकायत दी गई थी और मामला भी दर्ज किया गया, लेकिन अभी तक पुलिस उनके बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। इस बीच, परिवार के अनुसार नई सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, बावजूद इसके बच्चे अब तक नहीं मिले हैं।
परिजनों ने बताया कि दोनों भाई रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे। बच्चों के न मिलने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अब परिजन खुद ही पोस्टर लेकर इलाके में घूम रहे हैं और आम लोगों से अपने बच्चों को ढूंढने में मदद की अपील कर रहे हैं।
परिवार ने प्रशासन और पुलिस से भी मांग की है कि बच्चों की तलाश में तेजी लाई जाए, ताकि दोनों मासूम भाइयों को जल्द से जल्द सुरक्षित घर वापस लाया जा सके।






