पटियाला, 11 दिसंबर:– विकास कॉलोनी पटियाला स्थित सग्गी क्रिकेट अकादमी द्वारा स्वर्गीय हंस राज सग्गी की याद में आयोजित अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट आज खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण बना रहा। इस अवसर पर पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया मुख्य अतिथि के रूप में विशेष तौर पर पहुंचे। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनका उत्साह बढ़ाया और टूर्नामेंट की खेल भावना की सराहना की।
इस अवसर पर सुनील सग्गी कोच, पंकज पाल कोच, अनिल यादव मैनेजर, आशू संधू कोच, राज कुमार राजू कोच, रजिंदर कुमार, संजय मेहता, लक्की लहल, शिव राज एम.सी., भूपिंदर सिंह एम.सी. सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
टूर्नामेंट का आयोजन स्वर्गीय हंस राज सग्गी की खेल के प्रति समर्पण और युवाओं को प्रोत्साहित करने वाली उनकी प्रेरणादायक सोच को समर्पित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य पटियाला और आसपास के युवा खिलाड़ियों को एक मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें और भविष्य में उच्च स्तर पर खेल पाएं।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, मेहनत और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि पटियाला हमेशा से खेलों का केंद्र रहा है और युवाओं का खेलों की ओर बढ़ता रुझान शहर के लिए गौरव की बात है।
मेयर ने सग्गी क्रिकेट अकादमी द्वारा ऐसे आयोजनों को करने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि शहर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच उपलब्ध करवाने की है।
इस अवसर पर आयोजकों ने मेयर का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। खिलाड़ियों ने भी मेयर से बातचीत की और अपनी खेल संबंधी अनुभव साझा किए।
टूर्नामेंट के दौरान विभिन्न टीमों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। स्टेडियम में मौजूद अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने युवा खिलाड़ियों को भरपूर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का समापन विजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों व टीमों को सम्मानित करने के साथ हुआ।






