रोपड़, 7 दिसंबर 2025: पंजाब के पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री मास्टर तारा सिंह लाडल का आज तड़के अचानक निधन हो गया। उन्होंने सुबह-सुबह अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार दोपहर बाद पैतृक गांव लाडल के श्मशान घाट में किया गया।
अंतिम विदाई के दौरान पंजाब पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) दी गई। इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री की ओर से एसडीएम रूपनगर ने श्रद्धा के फूल अर्पित किए।
मास्टर तारा सिंह लंबे समय तक शिरोमणि अकाली दल से जुड़े रहे, लेकिन अंतिम समय में वरिष्ठ अकाली नेताओं से मतभेदों के कारण वे सक्रिय राजनीति से दूर हो गए थे। वे अपने भतीजों मनजिंदर सिंह मनी और लखविंदर सिंह के साथ रह रहे थे।
इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल की ओर से डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।






