पानीपत/सोनीपत, 4 दिसंबर 2025: हरियाणा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 32 वर्षीय महिला पूनम को ‘साइको किलर’ के रूप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला ने ईर्ष्या और मनोवैज्ञानिक विकृति के चलते एक के बाद एक 4 मासूम बच्चों की पानी में डुबोकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि इन बच्चों में उसका अपना 3 साल का बेटा भी शामिल था।
गिरफ्तारी के बाद जब पूनम को मीडिया के सामने लाया गया, तो उसके चेहरे पर चुन्नी थी, लेकिन उसकी आंखों में झलकती निर्ममता साफ दिखाई दे रही थी। पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसे सुंदर बच्चों, खासकर लड़कियों से ‘जलन’ होती थी, इसलिए वह उन्हें मार देती थी।
चारों हत्याओं की दहलाने वाली कहानी
- अपने बेटे और ननद की बेटी की हत्या (2023)
सोनीपत के भावरड़ गांव में पूनम ने पहले अपने 3 साल के बेटे शुभम और ननद की 9 वर्षीय बेटी इशिका को घर की पानी की टंकी में डुबोकर मार दिया। परिवार को शक न हो, इसलिए उसने अपने बेटे की भी बली दे दी। घटना को उस समय हादसा मान लिया गया था।
- चचेरे भाई की 6 साल की बेटी की हत्या (अगस्त 2025)
इसके बाद वह अपने मायके गांव सिवाह गई और वहां चचेरे भाई की 6 साल की बेटी जिया को पानी की टंकी में डुबो दिया।
- शादी वाले घर में चौथी वारदात (1 दिसंबर 2025)
पूनम पति की मौसी के घर पानीपत के नौल्था गांव में शादी में गई थी। जब बारात निकली और लोग व्यस्त थे, उसने 6 साल की विधि को बहला-फुसलाकर छत पर ले गई और स्टोर के बाहर रखे पानी के टब में डुबोकर मार दिया।
भीगे कपड़ों ने खोली पोल
वारदात के बाद जब वह नीचे आई, उसके कपड़े और हाथ गीले थे। उसने दूध गिरने या ‘पीरियड शुरू होने’ का बहाना बनाया और कपड़े बदलने चली गई। लेकिन जब पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी, सबूत जुड़ते चले गए। ‘लाई डिटेक्टर टेस्ट’ का नाम सुनते ही पूनम टूट गई और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।
जलन के कारण देती थी बच्चों को मौत
पुलिस के मुताबिक पूनम ने खुलासा किया कि वह बच्चों को इसलिए पानी में डुबोती थी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी सांस पूरी तरह बंद हो गई है। उसने स्वीकार किया कि 4 में से 3 बच्चियां थीं, जिनसे उसे सबसे ज्यादा जलन होती थी।
2 और बच्चों को भी मारने की थी योजना
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की ‘हिट लिस्ट’ में दो और बच्चे थे—जिनमें उसका एक छोटा बेटा भी शामिल था।
पुलिस ने बताया कि पूनम का उत्तर प्रदेश के कैराना के एक तांत्रिक से भी संपर्क था, जिसकी वजह से वह घरवालों को गुमराह करती रहती थी। ससुराल वालों ने भी बताया कि वह अक्सर अजीब हरकतें करती और दावा करती थी कि “उसमें एक युवक की आत्मा आती है।”
फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है। पुलिस रिमांड लेकर उससे और भी खुलासों की उम्मीद की जा रही है।






