पेशावर/इस्लामाबाद, 24 नवंबर, 2025 : पाकिस्तान के पेशावर शहर में सोमवार को भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों द्वारा पैरामिलिट्री फोर्स के हेडक्वार्टर पर बड़ा आत्मघाती हमला किया गया। इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि इलाके में लंबे समय तक दहशत का माहौल बना रहा।
हमलावरों ने सबसे पहले हेडक्वार्टर के मेन गेट पर जोरदार धमाका किया और फिर फायरिंग करते हुए अंदर घुसने की कोशिश की। धमाके और गोलियों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा।
दो सुसाइड बॉम्बर ने किया हमला
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यह हमला दो आत्मघाती हमलावरों ने अंजाम दिया। एक हमलावर ने मुख्य द्वार पर खुद को उड़ा लिया, जबकि दूसरा आतंकी कंपाउंड के अंदर घुस गया और अंदर से लगातार फायरिंग और धमाकों की आवाजें आती रहीं।
सेना ने पूरे इलाके को घेरा
हमले की सूचना के बाद पाकिस्तानी सेना और पुलिस ने इलाके को घेर लिया और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। सुरक्षा बलों को शक है कि अंदर अभी भी कुछ आतंकवादी छिपे हो सकते हैं। यह हेडक्वार्टर पेशावर के भीड़भाड़ वाले सदर बाजार इलाके में स्थित है, जिसके चलते खतरा और बढ़ गया।
लोगों में मची भगदड़
एफसी चौक पर दो जोरदार धमाकों के बाद बाजारों में भगदड़ मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग घबराकर इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। सुरक्षाबलों ने आसपास की सड़कों को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है।
TTP के साथ समझौता टूटने के बाद बढ़ी हिंसा
पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान क्षेत्रों में हाल के महीनों में आतंकी हमलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के साथ सरकार का शांति समझौता टूटने के बाद हिंसा और तेजी से बढ़ी है।
यह ताजा हमला सुरक्षा स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है और सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।






