लगे ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट’ के साइन बोर्ड
पंजाब, 01 फरवरी 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज जालंधर दौरे से पहले आदमपुर हवाई अड्डे पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एयरपोर्ट परिसर में अब “श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा” नाम वाले साइन बोर्ड लगाए गए हैं। श्री गुरु रविदास महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आज प्रमुख धार्मिक स्थल डेरा सच्चखंड बल्लां में मत्था टेकेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 3:45 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां पंजाब भाजपा की वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित डेरा सच्चखंड बल्लां के लिए रवाना होंगे। वे वहां करीब 40 मिनट तक रुकेंगे।
अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पंजाब को महत्वपूर्ण सौगातें देंगे। डेरा सच्चखंड बल्लां से वे आदमपुर एयरपोर्ट का नाम औपचारिक रूप से बदलकर “श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा” रखने की घोषणा करेंगे। इसके साथ ही वे लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर बने नए सिविल टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में जालंधर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक केडी भंडारी ने बताया कि पार्टी नेता आदमपुर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे और उनके साथ डेरा सच्चखंड बल्लां भी जाएंगे।






