HomePatialaनेशनल माउंटेन टेरेन बाइक चैंपियनशिप के लिए पंजाब टीम चयन ट्रायल सफलतापूर्वक...

नेशनल माउंटेन टेरेन बाइक चैंपियनशिप के लिए पंजाब टीम चयन ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न

साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा गठित एड-हॉक कमेटी ने कराए ट्रायल

पटियाला, 29 जनवरी, 2026: साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा पंजाब में साइक्लिंग खेल के प्रबंधन और विकास के लिए गठित एड-हॉक कमेटी की देखरेख एवं दिशा-निर्देशों के तहत नेशनल माउंटेन टेरेन बाइक (एमटीबी) चैंपियनशिप के लिए पंजाब टीम के चयन हेतु ट्रायल जागो-अकाल अकैडमी रोड, गांव कलवां, ज्योति सिटी के निकट आयोजित किए गए। इस दौरान लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, होशियारपुर, संगरूर, बठिंडा, अमृतसर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के 74 से अधिक साइक्लिस्टों ने भाग लिया।

यह जानकारी साझा करते हुए श्री शैलेन्द्र पाठक, चेयरमैन, एड-हॉक कमेटी (साइक्लिंग पंजाब) एवं संयुक्त सचिव, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) ने बताया कि प्रेज़िडेंट कमिश्नर पैनल (पीसीपी) के सदस्य डॉ. धर्मिंदर लाम्बा की देखरेख में आयोजित इन ट्रायल्स में राज्य के विभिन्न जिलों से आए अलग-अलग आयु वर्ग के लड़कों और लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन टाइम ट्रायल के आधार पर किया गया।

आज आयोजित ट्रायल्स में पुरुष एलीट वर्ग में लुधियाना के मोहम्मद नसीरू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष अंडर-23 वर्ग में पटियाला के युवराज सिंह ने प्रथम स्थान, लुधियाना के अमित सिंह ने द्वितीय तथा अमृतसर के जसदीप सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष जूनियर वर्ग में लुधियाना के सोहेल अहमद ने प्रथम, मोहाली के अभय प्रताप सिंह ने द्वितीय तथा पटियाला के करमनप्रीत सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया।

महिला एलीट वर्ग में मोहाली की दमनदीप कौर ने प्रथम तथा अमृतसर की मनरोजदीप कौर पन्नू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला जूनियर वर्ग में लुधियाना की अंकिता ने प्रथम और लुधियाना की बलप्रीत कौर ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

यूथ बॉयज़ वर्ग में अमृतसर के विश्वजीत सिंह पन्नू ने प्रथम, लुधियाना के प्रियांशु मौर्या ने द्वितीय तथा संगरूर के प्रभजोत सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर लड़के वर्ग में पटियाला के एकमजीत सिंह शाही ने प्रथम, पटियाला के गुरतरण सिंह ने द्वितीय तथा बठिंडा के सुमेर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

सब-जूनियर लड़कियां वर्ग में लुधियाना की अंशिका ने प्रथम, लुधियाना की प्रीति ने द्वितीय तथा लुधियाना की ही नेहा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

एड-हॉक कमेटी के सदस्यों एवं अनुभवी कोचों द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार ट्रायल प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया। ट्रायल्स के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया गया तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

एड-हॉक कमेटी के अधिकारियों ने बताया कि इन ट्रायल्स का मुख्य उद्देश्य पंजाब के प्रतिभाशाली साइक्लिंग खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आगामी नेशनल माउंटेन टेरेन बाइक चैंपियनशिप में पंजाब टीम को मजबूत दावेदार बनाने के लिए चयनित खिलाड़ियों को आगे और प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।

एड-हॉक कमेटी ने जिला प्रशासन पटियाला, सभी भाग लेने वाले खिलाड़ियों, कोचों एवं सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रदेश में साइक्लिंग खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

इस अवसर पर इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह का विशेष सहयोग रहा। साथ ही एड-हॉक कमेटी के सदस्य मनीष साहनी, तकनीकी अधिकारी राजविंदर कौर, शरेनू, संदीप कौर, भूपिंदर सिंह सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ी, कोच, खिलाड़ियों के माता-पिता एवं दर्शक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments