पटियाला, 26 जनवरी 2026: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने पटियाला देहाती के अमन विहार कॉलोनी, त्रिपड़ी, सुखराम कॉलोनी, गांव लंग, माता कौशल्या अस्पताल और राजिंदरा अस्पताल में स्वास्थ्य कार्ड बनाने के केंद्रों का उद्घाटन किया और लोगों को योजना के लाभ व प्रक्रिया की जानकारी दी।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का वादा पूरा किया है। इस योजना के तहत राज्य के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, जिसमें बड़े निजी अस्पतालों में भी उपचार शामिल है।
उन्होंने बताया कि इस योजना में सभी बड़ी और छोटी बीमारियों, दवाइयों और जांचों को मुफ्त किया गया है। ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कैंसर उपचार, किडनी डायलिसिस, ट्रांसप्लांट, सर्जरी, प्रसूति और आपातकालीन सेवाएं भी योजना में शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब पंजाब में अस्पताल के बिल भी शून्य होंगे और गरीब से गरीब व्यक्ति बिना किसी आर्थिक चिंता के इलाज करा सकेगा। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।






