नई दिल्ली, 26 जनवरी 2026: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 77वें गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शित पंजाब की झांकी की सराहना करते हुए कहा कि इसने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। उन्होंने कहा कि झांकी में श्री गुरु तेग बहादुर जी के सर्वोच्च बलिदान और मानवता के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा पोस्ट में केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की यह भव्य झांकी नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत को समर्पित है, जिन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता, मानव मूल्यों और न्याय की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
यह झांकी गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत के 350वें वर्ष को समर्पित है, जिन्हें ‘हिंद दी चादर’ के रूप में सम्मानित किया जाता है। झांकी में ‘एक ओंकार’, शबद कीर्तन, गुरुद्वारा श्री शीशगंज साहिब और उनके महान बलिदान को दर्शाया गया, जो सभी धर्मों और पीढ़ियों को प्रेरणा देने वाला संदेश देता है।






