जहाँ लोग कानूनी ढंग से काम करेंगे, वहाँ नगर निगम पूरा सहयोग देगा: मेयर
पटियाला, 21 जनवरी, 2026: शहर में बढ़ रही अवैध इमारतों पर रोक लगाने के लिए नगर निगम पटियाला द्वारा कल से सख़्त कार्रवाई शुरू की जा रही है। यह जानकारी आज नगर निगम में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मेयर कुंदन गोगिया ने दी। मेयर ने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से निर्माण कर रहा है, उसके खिलाफ कानून के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान मेयर ने कहा कि शहर की सुव्यवस्थित योजना और नागरिकों की सुरक्षा के लिए भवन निर्माण से पहले नक्शा पास कराना बेहद आवश्यक है। बिना अनुमति बन रही इमारतों से न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि भविष्य में कई प्रकार की गंभीर समस्याएँ भी उत्पन्न हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने निर्णय लिया है कि अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मेयर ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति भवन निर्माण करना चाहता है, तो सबसे पहले नगर निगम से अपना नक्शा अवश्य पास कराए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि नक्शा पास कराने की प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी आती है या नगर निगम का कोई कर्मचारी किसी को अनावश्यक रूप से परेशान करता है, तो लोग बिना किसी डर के सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
मेयर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि नियमों के अनुसार शहर का विकास करना है। जहाँ लोग कानून के दायरे में रहकर निर्माण कार्य करेंगे, वहाँ नगर निगम पूरा सहयोग देगा। लेकिन जहाँ नियमों की अनदेखी की जाएगी, वहाँ सख़्त कार्रवाई करना अनिवार्य होगी।
उन्होंने बताया कि आज की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अवैध निर्माणों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की बेवजह परेशानी न हो।
अंत में मेयर ने शहरवासियों से अपील की कि वे नगर निगम का सहयोग करें, नक्शा पास कराकर ही निर्माण करें और शहर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं विकसित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएँ।
फ़ोटो: जानकारी देते हुए मेयर कुंदन गोगिया






