रोज़मर्रा की ज़िंदगी में प्लास्टिक की खपत घटाकर पर्यावरण की रक्षा करना बेहद ज़रूरी — मेयर कुंदन गोगिया
पटियाला, 20 जनवरी, 2026 : नगर निगम पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लेते हुए “प्लास्टिक को कहें ना, कपड़े के थैलों को कहें हां” का स्पष्ट संदेश दिया। मेयर के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पटियाला की प्रतिष्ठित संस्था ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसायटी द्वारा नेहरू पार्क में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर मेयर कुंदन गोगिया ने प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि यह संस्था समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण, नो-प्लास्टिक और स्वच्छता अभियानों के साथ-साथ मेडिकल कैंप, आंखों के ऑपरेशन आदि का आयोजन करती रही है। संस्था द्वारा अब तक लगभग 300 कैंप लगाए जा चुके हैं और जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता भी निरंतर की जाती है।
यह कार्यक्रम नगर निगम पटियाला और पंजाब सरकार के सहयोग से संचालित सी.एम. की योगशालाओं के अंतर्गत आयोजित किया गया, जहां “योग करें, रोज़ करें, रहें निरोग” अभियान के तहत योग अभ्यास के लिए आने वाली माताओं-बहनों को कपड़े के थैले वितरित किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य रोज़मर्रा की ज़िंदगी में प्लास्टिक की खपत कम कर पर्यावरण की सुरक्षा करना था।
मेयर ने बताया कि पहले घरों में कपड़े के थैले बनाकर उपयोग किए जाते थे, जो पर्यावरण के लिए बेहतर थे। आज जब पूरा विश्व प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है, तो हमें अपनी पुरानी, सुसंस्कृत परंपरा को फिर से जीवित करना चाहिए। उन्होंने नई पीढ़ी से आगे आकर प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।
मेयर ने कहा कि यदि हम आज अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तो भविष्य गंभीर खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने सभी शहरवासियों से कपड़े के थैलों का उपयोग कर पटियाला को सचमुच प्लास्टिक फ्री बनाने की अपील की।
फोटो: कार्यक्रम के दौरान मेयर और संस्था के सदस्य
जारीकर्ता
Rajinder Mohan (सचिव)
Mayor Office Patiala
83609 66060






