पटियाला, 15 जनवरी, 2026: पटियाला की एसडीएम हरजोत कौर ने आज पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर शहर के अचार बाजार में चाइना डोर की बिक्री और उपयोग को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया। इस जांच का मुख्य उद्देश्य आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रतिबंधित चाइना डोर के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाना था।
जांच के दौरान दुकानों की गहन तलाशी ली गई और चाइना डोर की अवैध बिक्री पर कड़ी नजर रखी गई। संबंधित दुकानदारों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि चाइना डोर की खरीद-फरोख्त या उसका स्टॉक रखना कानूनन अपराध है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की उल्लंघना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम पटियाला ने बताया कि चाइना डोर से मानव जीवन को गंभीर खतरा होता है और पहले भी इससे जुड़े कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की जांच नियमित रूप से जारी रहेंगी और यदि कहीं भी चाइना डोर पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी सिटी-1 ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में चाइना डोर की बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह से रोक सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि वे चाइना डोर का इस्तेमाल न करें और यदि कहीं इसकी अवैध बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचित करें।






