नशा युवा पीढ़ी के लिए बेहद खतरनाक है : मेयर कुंदन गोगिया
पटियाला, 10 जनवरी, 2026 : पटियाला नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया द्वारा शहर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में शहर के यूथ विंग और मेन विंग के सदस्य शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य नशा विरोधी योजनाओं पर विचार-विमर्श करना और शहर स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान की रूपरेखा तैयार करना था।
बैठक के दौरान मेयर कुंदन गोगिया ने नशा विरोधी रणनीति की विस्तृत जानकारी साझा की और बताया कि इसे किस प्रकार प्रभावी ढंग से शहर में लागू किया जाएगा। उन्होंने यूथ विंग के सदस्यों से अपील की कि वे स्कूलों, कॉलेजों और सामुदायिक केंद्रों में जाकर नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि युवाओं को समय रहते इस सामाजिक बुराई से दूर रखा जा सके।
मेयर ने अपने संबोधन में कहा कि नशा युवा पीढ़ी के लिए बेहद खतरनाक है और यह समाज के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल देता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। इसमें विशेष रूप से युवाओं की भूमिका सबसे अहम है, क्योंकि वही समाज की दिशा और दशा तय करते हैं।
बैठक में यूथ विंग और मेन विंग के सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी कार्यक्रम आयोजित करने, स्कूल और कॉलेज स्तर पर सेमिनार करने तथा स्वयं सहायता समूह गठित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। मेयर ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं को प्रेरित किया कि वे इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा, “आइए हम सब मिलकर पटियाला को एक स्वच्छ, सुरक्षित और नशा मुक्त शहर बनाएं। युवा शक्ति ही शहर का भविष्य है और यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ेंगे तो समाज स्वतः ही मजबूत होगा।”
इस अवसर पर दविंदर मिक्की (नशा मुक्ति कोऑर्डिनेटर), हरमन संधू (यूथ कोऑर्डिनेटर), सभी ब्लॉक प्रधान, नशा मुक्ति शहरी टीम के सदस्य तथा आम आदमी पार्टी के कई नेता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
फोटो: बैठक के उपरांत मेयर कुंदन गोगिया एवं अन्य पदाधिकारी।






