जगराओं, 5 जनवरी 2026 : जगराओं के गांव मानूंके में उस समय सनसनी फैल गई, जब 32 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी गगनदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक गगनदीप सिंह जगराओं हलके की विधायक बीबी सरबजीत कौर मानूंके के रिश्ते में भतीजा लगता था। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गगनदीप सिंह को गोलियां मारने के बाद करीब एक दर्जन युवक उसके घर के बाहर आकर ऊंची आवाज में धमकी देते हुए कह गए कि “तुम्हारे लड़के को ठोक दिया है, वह खेतों में पड़ा है।” इसके बाद गांव के कुछ युवक गंभीर रूप से घायल गगनदीप सिंह को खेतों से उठाकर सिविल अस्पताल जगराओं लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक बीबी सरबजीत कौर मानूंके सिविल अस्पताल पहुंचीं और पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि गगनदीप के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मृतक की पत्नी और उसके भाई ने बताया कि गगनदीप सिंह कबड्डी खिलाड़ी था और गांव के ही एक अन्य कबड्डी खिलाड़ी एकम सिंह को कुछ युवक लगातार परेशान कर रहे थे। गगनदीप उन्हें ऐसा करने से रोकता था, इसी रंजिश के चलते करीब एक दर्जन युवकों ने मिलकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
परिजनों ने यह भी बताया कि गगनदीप सिंह तीन बच्चों का पिता था, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी (SHO) कुलदीप कुमार ने बताया कि गांव मानूंके में गोली चलने की घटना हुई है और मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।






