HomePatialaमाता श्री काली देवी मंदिर के नवीनीकरण प्रोजेक्टों का काम तेजी से...

माता श्री काली देवी मंदिर के नवीनीकरण प्रोजेक्टों का काम तेजी से जारी

मुख्यमंत्री द्वारा कार्यों की निरंतर की जा रही मॉनिटरिंग : एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी

पटियाला, 29 दिसंबर: पटियाला के ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर के नवीनीकरण के लिए शुरू किए गए प्रोजेक्टों पर तेजी से काम किया जा रहा है। यह जानकारी एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के सदस्य सी.ए. अजय अलीपुरिया और संजय सिंगला ने देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इन कार्यों की निरंतर निगरानी कर रहे हैं। इस मौके पर उनके साथ एडीसी (ग्रामीण विकास) दमनजीत सिंह मान और एसडीएम हरजोत कौर मावी भी मौजूद थे।

मीडिया से बातचीत करते हुए सी.ए. अजय अलीपुरिया और संजय सिंगला ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा ऐतिहासिक श्री काली माता मंदिर के नवीनीकरण के लिए करीब 75 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि यह कार्य आगामी एक वर्ष के भीतर पूरे किए जाएंगे और श्रद्धालुओं को भव्य मंदिर के दर्शन होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने श्री महेश मित्तल (लुधियाना के जाने-माने उद्योगपति) को सलाहकार प्रबंध समिति के चेयरमैन रूप में नियुक्त किया है। उन्होंने शहरवासियों को नए साल की बधाई दी और कहा कि कमेटी शिक्षा से जुड़े काम भी करेगी।

सी.ए. अजय अलीपुरिया और संजय सिंगला ने बताया कि राज्य सरकार ने श्री काली माता मंदिर को नया स्वरूप देने के लिए जिन प्रोजेक्टों को मंजूरी दी है, उनमें मंदिर के सरोवर में स्वच्छ नहरी जल आपूर्ति शामिल है। साथ ही मंदिर के मौजूदा सीवरेज और ड्रेनेज ढांचे को भी अपग्रेड किया जा रहा है। मंदिर परिसर में शुरू हुआ आम आदमी क्लिनिक श्रद्धालुओं और आसपास के निवासियों को मेडिकल सेवाएं प्रदान कर रहा है।

मंदिर एडवाइजरी कमेटी ने आगे बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरोवर के चारों ओर नया मार्ग बनाया जा रहा है, जिसकी आर.सी.सी. नींव का कार्य जारी है। इसके साथ ही प्रवेश द्वार और सरोवर के निर्माण सहित 6 बिल्डिंग ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। ब्लॉक 1 में सुरक्षा कक्ष, पूछताछ कक्ष, शौचालय, मीटर रूम और एचटी पैनल रूम शामिल हैं। ब्लॉक 2 मुख्य प्रवेश पवेलियन भवन है, जो प्रस्तावित लंगर हॉल से जुड़ा होगा। ब्लॉक 3 में मुख्य लंगर हॉल बनाया जा रहा है, जिसकी छत पर एम्फीथिएटर बनेगा और दोनों ओर 4 लिफ्टें लगाई जाएंगी। ब्लॉक 4 में रखरखाव स्टाफ कक्ष, पंप पैनल रूम और इलेक्ट्रिकल पैनल रूम होंगे। ब्लॉक 5 कुंड एंट्री पोर्टल है, जिसमें सरोवर क्षेत्र का मुख्य प्रवेश द्वार होगा। ब्लॉक 6 दो मंजिला ढांचा होगा, जिसमें प्रसाद भवन, शो कलेक्शन रूम, शौचालय ब्लॉक, कैफे क्षेत्र, मीटिंग हॉल, लॉस्ट एंड फाउंड कक्ष, स्टाफ डॉर्मिटरी और 4 अतिथि कमरों वाला प्रशासनिक कार्यालय शामिल होगा।

सी.ए. अजय अलीपुरिया और संजय सिंगला ने बताया कि मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों को पारंपरिक वास्तु कला के अनुरूप शहरी योजनाकारों और धरोहर विशेषज्ञों की सलाह से पुनः डिजाइन किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट मंदिर की पवित्रता और विरासती स्थापत्य को बनाए रखते हुए इसकी भव्यता में वृद्धि करेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर की अध्यात्मिकता और सौंदर्य बढ़ाने के लिए प्रमुख तीर्थ स्थलों की तर्ज पर सरोवर के पास लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था की जाएगी।

मंदिर एडवाइजरी कमेटी ने बताया कि इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ नियंत्रण में रखने और प्रसाद वितरण को सुचारू बनाने के लिए, माता वैष्णो देवी मंदिर की तरह एक टोकन प्रणाली शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार इस आध्यात्मिक केंद्र को राज्य की वास्तु कला का उत्कृष्ट नमूना बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments