चंडीगढ़, 24 दिसंबर 2025: बॉलीवुड सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। करीब दो साल पहले रिलीज हुए उनके गाने ‘नागिन (Naagan 3.0)’ को लेकर अब नई कानूनी परेशानी सामने आई है। जालंधर से भाजपा के एक नेता ने गाने में कथित अश्लीलता को लेकर कड़ा ऐतराज जताया है।
भाजपा नेता अरविंद शर्मा ने इस संबंध में पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में उन्होंने यो यो हनी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और गाने के वीडियो को यूट्यूब सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तत्काल हटाने की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में महिलाओं को बिकिनी पहनाकर आपत्तिजनक डांस सीन दिखाए गए हैं, जो अश्लीलता, नग्नता और फूहड़ता को बढ़ावा देते हैं। शर्मा का आरोप है कि यह सब पंजाबी संस्कृति के खिलाफ है और महिलाओं का अपमान करता है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन की आड़ में पंजाब की सांस्कृतिक पहचान और नैतिक मूल्यों को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा नेता ने यह भी चिंता जताई कि यह गाना यूट्यूब पर बिना किसी उम्र प्रतिबंध के उपलब्ध है, जिससे बच्चे और किशोर आसानी से इसे देख सकते हैं, जो उनके मानसिक विकास पर नकारात्मक असर डाल सकता है। उन्होंने इसे जनहित का मामला बताते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि ‘नागिन 3.0’ 15 अप्रैल 2023 को रिलीज हुआ था और अब तक इसे 1.4 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। रिलीज के समय भी इसके वीडियो को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते यह गाना आज भी बिना रोक-टोक ऑनलाइन उपलब्ध है।
फिलहाल इस मामले पर न तो पुलिस की ओर से और न ही यो यो हनी सिंह की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है, लेकिन शिकायत के बाद गाने को लेकर विवाद और गहराने की संभावना जताई जा रही है।






