चंडीगढ़, 19 दिसंबर 2025: अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया इस समय नाभा जेल में बंद हैं। उनकी जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी करते हुए चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मजीठिया ने इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पंजाब सरकार से चार सप्ताह में जवाब मांगा है।
अदालत ने स्पष्ट किया है कि पंजाब सरकार को निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना पक्ष रखना होगा। इस मामले में अगली सुनवाई 19 जनवरी 2026 को होगी।
अब सभी की निगाहें सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि पंजाब सरकार की दलीलों को सुनने के बाद बिक्रम मजीठिया को जमानत मिलती है या नहीं।






