पटियाला, 28 नवम्बर:
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में गाँवों के विकास को तेज करते हुए 12 गाँवों में लाखों रुपये के विकास चेक वितरित किए। ये चेक गाँव घमरोड़ा, लालोदा , रोहटी मौड़ा, हीआणा कलां, शामला, कंसुहा कलां, धनौरा, कैरियर एंक्लेव, माजरी अकालियां, कलवा, कसीआना, और करमगढ़ सहित अन्य गाँवों के समग्र विकास के लिए दिए गए।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य लक्ष्य है कि विकास के लाभ सभी गाँवों तक समान रूप से पहुँचें, ताकि हर गाँव बेहतर सुविधाओं के साथ आगे बढ़ सके। इस अभियान के तहत पक्की सड़कों का निर्माण पाँच साल की गारंटी के साथ किया जाएगा, नई पाइपलाइन लगाकर पीने के पानी की सुविधा मजबूत की जाएगी और युवाओं के लिए खेल मैदान, पार्क, जिम और सैर–सपाटे की जगहें तैयार की जाएँगी। इसके साथ ही पुराने टोभों (तालाबों) की सफाई के लिए भी विशेष राशि जारी की गई है, जिससे स्वच्छता में सुधार होगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सरकार सिर्फ इंसानों की सेहत ही नहीं, बल्कि पशुधन की सेहत पर भी बराबर ध्यान दे रही है। गाँव–गाँव में पशुओं की देखभाल के लिए वेटरनरी डॉक्टर उपलब्ध कराए जाएँगे, जो पशुओं को मुफ्त दवाई देंगे।
शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने घोषणा की कि स्कूली बच्चों के लिए आने-जाने हेतु ई–रिक्शा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि गाँवों की महिलाओं को अचार–मुरब्बे, मक्के की रोटी, साग, बड़ी आदि घरेलू उत्पाद बेचने के लिए विशेष स्थान दिए जाएँगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और घर की आमदनी बढ़ा सकें।
इसके अलावा, गाँवों के युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जाएँगे। मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का सपना है कि प्रत्येक युवा अपने ही गाँव में रोजगार प्राप्त करे और परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाए।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि ये सभी परियोजनाएँ पंजाब के गाँवों को मजबूत, सक्षम और सुंदर बनाने की दिशा में बड़ा कदम हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब का हर गाँव विकास की नई राह पर आगे बढ़ता रहेगा।
इस मौके पर विभिन्न गाँवों के पंच, सरपंच और इलाके के निवासी मौजूद थे।






