नाभा रोड, 20 जून 2026 (बलजीत सरना) : पटियाला के नाभा रोड स्थित भाखड़ा नहर के किनारे आज सुबह एक लावारिस एक्टिवा स्कूटर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे गोताखोरों की टीम को नहर किनारे एक एक्टिवा स्कूटर खड़ा मिला, जिसका नंबर PB 34 DB 0065 है। स्कूटर की तलाशी लेने पर उसमें से पानी की बोतल, चप्पलें और एक सर्विस पर्ची बरामद हुई। मौके पर पैरों के निशान भी पाए गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि कोई व्यक्ति नहर में गिरा हो सकता है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह स्कूटर पटियाला के खालसा कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा का है, जो नाभा से रोजाना कॉलेज आती-जाती थी। घटना के बाद से छात्रा के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया और परिवार को भी सूचित कर दिया गया है। परिजन मौके पर पहुंचने वाले हैं। वहीं गोताखोरों की टीम नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
थाना अर्बन एस्टेट के एसएचओ इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह गिल ने बताया कि लापता छात्रा की पहचान हरशदीप कौर के रूप में हुई है, जो नाभा के गांव बाबरपुर की रहने वाली है और वर्तमान में पटियाला के एक पीजी में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और छात्रा के पीजी तथा परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी भी तरह के विवाद या गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।






