पटियाला, 20 जून 2026 (बलजीत सरना) : पटियाला में देर रात एक प्रवासी युवक की हत्या का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार यह घटना शहर की एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान पर हुई, जहां काम करने वाले दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
मृतक युवक की पहचान मयंक के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 10 बजे विवाद बढ़ने के बाद कुछ युवकों ने मयंक पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतक के साथियों के अनुसार, हमलावर युवक भी उसी दुकान पर काम करता था और वह नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के दौरान कुछ अन्य कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, विवाद के बाद हमलावर को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






