चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार जिला पटियाला में कराई जाएगी मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन : ए.डी.सी. अनुप्रीता जौहल
पटियाला, 13 जून,2026: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के मार्गदर्शन में आगामी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) के संबंध में जिला पटियाला में जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर पर आयोजित किया जा रहा प्रशिक्षण आज दूसरे दिन भी जारी रहा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) अनुप्रीता जौहल ने प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल के नेतृत्व में जिला पटियाला में मतदाता सूचियों का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पूर्ण पारदर्शिता तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जाएगा।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रत्येक दिशा-निर्देश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ करें। उन्होंने कहा कि सही एवं शुद्ध मतदाता सूचियां लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार हैं, इसलिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, एस.आई.आर. की प्रक्रिया, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग तथा मैदानी स्तर पर किए जाने वाले कार्यों संबंधी विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी संदीप सिंह, चुनाव तहसीलदार विजय कुमार चौधरी, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर हरकृष्ण सिंह (डी.आई.ओ., एन.आई.सी.), योगेश गर्ग (लेक्चरर), ऊषा रानी एवं संदीप सिंह (सहायक प्रोफेसर, सरकारी महिंद्रा कॉलेज), संदीप सिंह (सहायक प्रोफेसर, सरकारी गर्ल्स कॉलेज) तथा जगदेव सिंह ने विधानसभा स्तर के मास्टर ट्रेनरों, डी.ई.ओ. कार्यालय के तकनीकी एवं लिपिकीय स्टाफ, अन्य तैनात कर्मचारियों तथा ई.आर.ओ./ए.ई.आर.ओ. कार्यालयों के कर्मचारियों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान किया।






