डिप्टी कमिश्नर द्वारा जिले के विकास कार्यों की समीक्षा
गांवों के विकास, सड़क निर्माण, आंगनवाड़ियों और खेल मैदानों की ओर विशेष ध्यान देने के निर्देश
60 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 191 मुख्यमंत्री खेल मैदानों की प्रगति का भी जायजा
पटियाला, 8 मई, 2026 : पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिले के सभी ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बी.डी.पी.ओ.) को निर्देश दिए हैं कि वे गांवों के कायाकल्प और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पूरी लगन, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। डॉ. अग्रवाल जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा संबंधी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में गांवों और शहरों के विकास के लिए फंडों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। गांवों के विकास, सड़कों के निर्माण, आंगनवाड़ियों और खेल मैदानों की ओर विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों के लिए जारी किए गए फंडों के उपयोग प्रमाण पत्र भी साथ-साथ तैयार कर समय पर जमा करवाए जाएं, ताकि विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिले में स्थापित 28 ग्रामीण लाइब्रेरियों का अधिक से अधिक लाभ विद्यार्थियों और ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से 191 मुख्यमंत्री खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से करीब डेढ़ दर्जन मैदान युवाओं को समर्पित भी किए जा चुके हैं।
बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने सड़कों, सीवरेज, जल सप्लाई योजनाओं और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं और किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ बनती विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
डॉ. अग्रवाल ने इस अवसर पर पंजाब निर्माण कार्यक्रम, स्मार्ट विलेज योजना, एम.पी. लैड तथा अन्य विकास योजनाओं से संबंधित लंबित उपयोग प्रमाण पत्रों और चल रहे प्रोजेक्टों की भी विस्तार से समीक्षा की।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दमनजीत सिंह मान, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनरीत राणा, डिप्टी ई.एस.ए. जसविंदर कौर, डिप्टी सी.ई.ओ. जिला परिषद अमनदीप कौर, जिला ग्रामीण विकास एवं पंचायत अधिकारी महिंदरजीत सिंह सहित लोक निर्माण एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।






