पटियाला,29 अप्रैल 2026: पटियाला के शिवालिक पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली करवा दिया गया। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तुरंत छुट्टी देकर घर भेज दिया गया।
स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को भी तत्काल सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में माता-पिता अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे। फिलहाल पुलिस स्कूल परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ले रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में पटियाला जिले के शंभू बॉर्डर के पास रेलवे ट्रैक पर एक शक्तिशाली धमाका हुआ था, जिसमें बम लगाने आए एक आरोपी की मौत हो गई थी। इससे पहले भी पंजाब के कई स्कूलों और रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी के स्रोत का पता लगाने की कोशिश जारी है।






