शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निगम की विशेष मुहिम, दुकानदारों और लोगों से अपील
पटियाला, 28 अप्रैल, 2026 : शाही शहर पटियाला को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से मेयर कुंदन गोगिया के निर्देशों पर नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा द्वारा प्लास्टिक कैरी बैग के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में आज नगर निगम की टीम ने शहर के वीआईपी इलाके भूपिंदरा रोड पर दुकानों की जांच की और प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल करने वालों के मौके पर चालान काटे। इस दौरान नगर निगम के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
इस कार्रवाई की अगुवाई सैनिटरी इंस्पेक्टर मोहित जिंदल और राजेश कुमार मट्टू ने की। टीम ने भूपिंदरा रोड पर स्थित विभिन्न खाने-पीने की दुकानों, रेस्टोरेंट्स और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की अचानक जांच की। जांच के दौरान जहां-जहां प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग पाए गए, वहां 10 से अधिक चालान काटे गए और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक जब्त किया गया।
इस मौके पर सैनिटरी इंस्पेक्टर मोहित जिंदल और राजेश कुमार मट्टू ने दुकानदारों और आम लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक थैलियों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सीवरेज जाम होने का भी मुख्य कारण बनता है। उन्होंने लोगों को घर से कपड़े के थैले लाने के लिए प्रेरित किया।
मेयर कुंदन गोगिया ने भी स्पष्ट किया कि शहर को ‘प्लास्टिक मुक्त पटियाला’ बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य बाजारों में भी यह चेकिंग अभियान जारी रहेगा। मेयर ने चेतावनी दी कि जो भी दुकानदार या रेहड़ी-फड़ी वाला प्रतिबंध के बावजूद प्लास्टिक बैग का उपयोग करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फोटो – चेकिंग के दौरान नगर निगम की टीम
जारीकर्ता
राजिंदर मोहन (सचिव)
मेयर कार्यालय,पटियाला
83609 66060






