मिशिगन, 13 मार्च 2026: अमेरिका के मिशिगन राज्य के वेस्ट ब्लूमफील्ड टाउनशिप में स्थित टेम्पल इज़राइल सिनेगॉग में एक हमले की घटना सामने आई है। एक हमलावर ने अपनी कार प्रार्थना स्थल की इमारत में टक्कर मार दी और उसके बाद गोलीबारी शुरू कर दी। घटना में संदिग्ध हमलावर की मौत हो गई, जबकि एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI)के निदेशक काश पटेल ने बताया कि डेट्रॉइट फील्ड ऑफिस की टीम स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है। हमलावर के वाहन से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है।
इस घटना की निंदा करते हुए मिशिगन की गवर्नर ग्रेटचेन व्हिटमर ने कहा कि राज्य में यहूदी विरोधी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और यहूदी समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
इसी बीच अमेरिका में एक अन्य घटना में ओल्ड डोमिनियन विश्वविद्यालय के कॉन्स्टेंट हॉल में भी गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए, जबकि हमलावर की मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।






