पटियाला, 9 मार्च 2026: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसाइटी द्वारा सेंट्रल पब्लिक लाइब्रेरी, मॉल रोड, पटियाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रंजीता पन्नू (पत्नी बलतेज पन्नू, जनरल सेक्रेटरी पंजाब, आम आदमी पार्टी), पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी शाइना कपूर और डॉ. वरिंदर गर्ग (एम.डी. रेडियोलॉजी, ओएसडी टू प्रेसिडेंट, पीजीआईएमईआर चंडीगढ़) विशेष रूप से उपस्थित हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने सम्मानित की गई महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष उपकार सिंह बेदी ने मुख्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 31 प्रमुख महिला हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को मान्यता देना और समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश देना था।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज की मजबूत नींव हैं और उनकी प्रगति से ही समाज की प्रगति संभव है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा, प्रशासन, कला और कई अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आज वे हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर सुमन बत्रा ने मंच संचालन की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। कार्यक्रम में कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान परमिंदर भलवान सहित शिक्षक, डॉक्टर, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।






