अंतिम संस्कार से पहले कार्रवाई की मांग
गुरदासपुर . 04 मार्च 2026: गुरदासपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए रणजीत सिंह का बीते दिन पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद आज उनका शव गांव आदिया पहुंचा। शव को देखते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक वे रणजीत सिंह का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिवार का आरोप है कि जिन अधिकारियों ने मुठभेड़ की कार्रवाई की, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके विरुद्ध मामला दर्ज किया जाए।
रणजीत सिंह के घर पर बड़ी संख्या में लोग शोक व्यक्त करने पहुंचे। ग्रामीणों और समर्थकों ने परिवार के लिए न्याय की मांग उठाई है। गांव में माहौल गमगीन बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि 22 फरवरी को एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार के शव भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अडियन पुलिस स्टेशन क्षेत्र से बरामद किए गए थे। मामले को लेकर क्षेत्र में पहले से ही तनाव की स्थिति बनी हुई है।






