चंडीगढ़, 12 नवंबर, 2025 : पंजाब के लोगों के लिए आज केंद्र सरकार की ओर से एक बड़ी सौगात का ऐलान हुआ है। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बुधवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि केंद्र ने ₹764 करोड़ की लागत से बनने वाली फिरोजपुर–पट्टी नई रेलवे लाइन को मंजूरी दे दी है।
यह 25.7 किलोमीटर लंबी ब्रॉड गेज (BG) इलेक्ट्रीफाइड रेल लाइन होगी, जो क्षेत्र की दशकों पुरानी मांग को पूरा करेगी और पंजाब को देश के बंदरगाहों से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इस परियोजना में सतलुज नदी पर 820 मीटर लंबा बड़ा पुल भी बनाया जाएगा।
मंत्री बिट्टू ने बताया कि कैबिनेट कमेटी ने इस प्रस्ताव को 27 अक्टूबर 2025 को ही मंजूरी दे दी थी। इस प्रोजेक्ट के लिए कुल 165.69 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी जिसमें तरनतारन जिले के 8 गांवों से 95.68 हेक्टेयर और फिरोजपुर जिले के 4 गांवों से 70 हेक्टेयर भूमि शामिल है।
बिट्टू ने कहा कि इस परियोजना के लिए लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक दलों ने प्रयास किए थे, जिन्हें केंद्र ने अब साकार रूप दिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर इस परियोजना की आवश्यकता पर जोर दिया था, क्योंकि राज्य सरकार के पास इसे अपने दम पर पूरा करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे।
इसके साथ ही मंत्री बिट्टू ने यह भी घोषणा की कि तख्त श्री दमदमा साहिब को भी जल्द ही रेलवे नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा फतेहगढ़ साहिब और पटियाला तक नई रेलवे लाइनों के विस्तार की योजना भी जल्द लागू की जाएगी।
बिट्टू ने कहा, *“यह परियोजना न केवल पंजाब के लोगों के लिए आर्थिक दृष्टि से लाभकारी होगी, बल्कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़कर राज्य के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।”*






