गुरदासपुर (पंजाब), 17 फरवरी 2026: 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को कादियां में एक जनसभा को संबोधित करते हुए व्यापक चुनावी एजेंडा पेश किया। उन्होंने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अकाली सरकार बनने पर किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को तत्काल राहत दी जाएगी।
उन्होंने घोषणा की कि सरकार बनने के पहले सप्ताह में ही किसानों को ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे। पिछले 50 वर्षों से सरकारी जमीन पर खेती कर रहे किसानों को मालिकाना हक दिया जाएगा और सांझी जमीन का बंटवारा मुफ्त में किया जाएगा।
कम आय वर्ग के परिवारों को ₹4 प्रति किलो आटा और ₹20 प्रति किलो दाल देने का वादा करते हुए उन्होंने ‘शगुन योजना’ के तहत बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता बढ़ाकर ₹1 लाख करने की घोषणा की। इसके अलावा, वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर ₹3,100 प्रति माह करने का भी वादा किया गया।
युवाओं को स्वरोजगार के लिए ₹10 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण देने, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मेरिटोरियस स्कूल स्थापित करने तथा पंजाब की यूनिवर्सिटीज में 50% सीटें पंजाबी छात्रों के लिए आरक्षित करने की भी घोषणा की गई।
सुखबीर बादल ने प्रत्येक जिले में स्किल डेवलपमेंट और वेटरनरी यूनिवर्सिटी या कॉलेज स्थापित करने, ‘वर्ल्ड कप कबड्डी’ टूर्नामेंट को पुनर्जीवित करने और बाढ़ सुरक्षा के लिए अस्थायी बांधों को स्थायी संरचनाओं में बदलने का भी भरोसा दिलाया।






