ओएसडी सुखवीर सिंह ने नानकसर गुरुद्वारा साहिब से मलेरकोटला चौक तक विकास कार्यों की करवाई शुरुआत
ड्रेन बनने से बारिश के दौरान सड़क पर जमा होने वाले पानी की समस्या होगी हल: ओएसडी सुखवीर सिंह
धूरी, 14 फरवरी 2026: धूरी वासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए आज शहर के बाईपास पुल से उतरते हुए नानकसर गुरुद्वारा साहिब से मलेरकोटला चौक तक बारिश के पानी की सुचारू निकासी के लिए सड़क के दोनों ओर करीब 1 किलोमीटर लंबी ड्रेन के निर्माण कार्य की शुरुआत पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओएसडी सुखवीर सिंह द्वारा करवाई गई। इस ड्रेन के निर्माण, सड़क की मरम्मत और इंटरलॉक टाइलें लगाने पर लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत आएगी।
इस मौके पर ओएसडी सुखवीर सिंह ने बताया कि धूरी के वार्ड नंबर 18, 19, 20 और 21 के निवासियों को बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क के दोनों ओर ड्रेन बनाने के निर्देश जारी किए थे, जिसके तहत आज इस परियोजना का कार्य शुरू किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि करीब 1 किलोमीटर लंबी बनने वाली इस ड्रेन के साथ-साथ सड़क की मरम्मत भी की जाएगी तथा शेष हिस्से पर ब्लॉक टाइलें लगाई जाएंगी, जिससे सड़क की मजबूती और सुंदरता में वृद्धि होगी।
ओएसडी ने कहा कि बाईपास से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं और बारिश के दौरान पुल से पानी नीचे आने के कारण सड़क पर जलभराव हो जाता था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ड्रेन के निर्माण से बारिश के पानी की निकासी सुचारू होगी और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इसके उपरांत ओएसडी सुखवीर सिंह ने गांव किला हकीमां में 40.24 लाख रुपये की लागत से लगाए जाने वाले इंटरलॉक टाइलों के कार्य की भी शुरुआत करवाई। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर 5-5 फुट चौड़ाई में टाइलें लगाए जाने से सड़क की मजबूती बढ़ेगी और विशेष रूप से पैदल चलने वाले लोगों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर पंजाब वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़, पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन धूरी के चेयरमैन पुष्पिंदर शर्मा, जिला परिषद सदस्य हरजिंदर सिंह काझला, रमणदीप सिंह तथा एसडीओ नवदीप बंसल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।






