पटियाला, 11 फरवरी 2026: पुराना बस स्टैंड संघर्ष समिति ने पीआरटीसी के नव-नियुक्त चेयरमैन श्री हरपाल जुनेजा से मुलाकात कर दुकानदारों और इलाके के लगभग 10 हजार निवासियों को बसों की पर्याप्त सेवा शुरू न होने के कारण आ रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर संघर्ष समिति की ओर से चेयरमैन हरपाल जुनेजा को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
संघर्ष समिति के नेता गुरपाल सिंह उर्फ काका ने कहा कि वे लंबे समय से पुराने बस स्टैंड पर बसों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि शहरी विधायक द्वारा यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया गया, लेकिन इसके बावजूद मंत्रियों की ओर से कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि पुराने बस स्टैंड के पास शहर की सभी प्रमुख मार्केटें स्थित हैं। इसके अलावा गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब, श्री काली देवी मंदिर, माता कौशल्या अस्पताल, सरकारी राजिंदरा अस्पताल और टीबी अस्पताल भी बिल्कुल नजदीक हैं। यदि इस बस स्टैंड से गांवों की ओर जाने वाली बसों की संख्या बढ़ा दी जाए तो लोगों का समय बचेगा और अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी।
इन सभी मुद्दों को लेकर पीआरटीसी चेयरमैन से विस्तार से बातचीत हुई। चेयरमैन ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठक कर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। संघर्ष समिति ने कहा कि शहरवासी चेयरमैन हरपाल जुनेजा को एक विधायक के रूप में भी देखते हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे।
पुराने बस स्टैंड के चालू होने से निम्नलिखित बाजारों को मिलेगा लाभ
संघर्ष समिति की मुख्य मांग है कि पुराने बस स्टैंड का नवीनीकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि यात्रियों और व्यापारियों को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
समिति ने मांग की कि शहर के विभिन्न इलाकों में बनाए जा रहे ई-बस चार्जिंग स्टैंड पुराने बस स्टैंड में ही स्थापित किए जाएं, ताकि इसे एक केंद्रीय परिवहन हब के रूप में विकसित किया जा सके।
पुराना बस स्टैंड मार्केट, लाहौरी गेट, शेर-ए-पंजाब मार्केट, आर्य समाज, टीबी अस्पताल मार्केट, अदालत बाजार, किला चौक, सरहंदी बाजार, गुड़ मंडी, बर्तन बाजार, चूड़ी बाजार, सर्राफा बाजार, राजपुरा कॉलोनी मार्केट, गुरबख्श कॉलोनी मार्केट और गुरु नानक नगर मार्केट को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
संघर्ष समिति को उम्मीद है कि चेयरमैन उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देकर शीघ्र समाधान करेंगे।
हरपाल जुनेजा
चेयरमैन, पी.आर.टी.सी. पंजाब
(राज्य सरकार का उपक्रम)
फोन: 0175-2311700






