कहा, जनता के दुश्मन किसी रहम की उम्मीद न करें
पटियाला, 11 फरवरी 2026: पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा है कि राज्य में गैंगस्टर और तस्कर पिछली सरकारों की देन हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार ने इनके सफाए की शुरुआत कर दी है।
जेल मंत्री आज पंजाब जेल ट्रेनिंग स्कूल, पटियाला में पंजाब जेल विभाग के वार्डरों और मैट्रनों की प्रारंभिक प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद आयोजित पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ एडीजीपी अरुणपाल सिंह और प्रमुख सचिव एवं आईजी जेल मोहम्मद तैयब भी उपस्थित थे।
अपने संबोधन में लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान हथियारों के उपयोग सहित जेलों में हाई-रिस्क बंदियों से निपटना, आपसी झगड़ों की स्थिति, क्षमता से अधिक कैदियों की समस्या तथा जेल विभाग के उद्देश्य ‘कस्टडी, केयर एंड करेक्शन’ को पूरा करने के साथ-साथ अदालतों, आयोगों और विभागीय निर्देशों का पालन करना सिखाया जाता है।
जेल मंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक प्रशिक्षण जेल कर्मचारियों को वर्तमान समय की नई-नई चुनौतियों से निपटने में सहायक होगा। उन्होंने सफल प्रशिक्षण के लिए बधाई देते हुए परेड के दौरान प्रशिक्षुओं द्वारा प्रदर्शित दृढ़ता और साहस की सराहना की।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में भुल्लर ने कहा कि जो लोग युवाओं को नशे में धकेलते हैं, बेगुनाहों पर गोलियां चलाकर फिरौती मांगते हैं, ऐसे जनता के दुश्मन सरकार से किसी भी तरह की दया या रहम की उम्मीद न करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार पंजाब को नशामुक्त, गैंगस्टर मुक्त, प्रगतिशील और रंगला पंजाब बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेलों में बंद कैदियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जेल विभाग की है और किसी भी कैदी द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोप निराधार हैं, क्योंकि जेलों में कोई कोताही नहीं बरती जाती।
लालजीत सिंह भुल्लर ने आगे कहा कि उच्च श्रेणी के गैंगस्टरों, तस्करों और अन्य शरारती तत्वों को कड़ी निगरानी में रखने के लिए लुधियाना में बन रही हाई सिक्योरिटी जेल को इस वर्ष के अंत तक चालू कर दिया जाएगा। जेलों में मोबाइल फोन, ड्रोन फेंकने और अन्य तस्करी रोकने के लिए अत्याधुनिक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। इनमें एआई आधारित डिजिटल सीसीटीवी कैमरे, फुल बॉडी और बैग स्कैनर एक्स-रे मशीनें, स्निफर डॉग्स, मेटल डिटेक्टर, वॉकी-टॉकी सेट और 5-जी वाई-फाई क्षमता वाले स्मार्ट कवच जैमर शामिल हैं।
इस अवसर पर पंजाब जेल ट्रेनिंग स्कूल के प्रिंसिपल मुकेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की और बताया कि वार्डर एवं मैट्रनों के बैच नंबर 100 की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई है। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को जेल मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इस दौरान जेल विभाग में सहानुभूति के आधार पर नियुक्त किए गए 9 लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने हथियार संचालन का प्रदर्शन किया तथा भांगड़ा भी प्रस्तुत किया। समारोह में डीआईजी जेल एस.एस. मंड और एम.के. शर्मा सहित विभिन्न जेलों के सुपरिंटेंडेंट भी उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन: पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पंजाब जेल ट्रेनिंग स्कूल, पटियाला में वार्डरों के 100वें बैच की पासिंग आउट परेड के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते हुए। उनके साथ एडीजीपी जेल अरुणपाल सिंह और सचिव जेल विभाग सह आईजी मोहम्मद तैयब भी नजर आ रहे हैं।






