पटियाला, 11 फरवरी, 2026 : शाही शहर पटियाला की समृद्ध विरासत को दर्शाने वाली 19 फरवरी को होने वाली ‘हेरिटेज वॉक’ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में आज नगर निगम की जॉइंट कमिश्नर मैडम दीपजोत कौर द्वारा शहर के ऐतिहासिक बारादरी बाग का ‘रियलिटी चेक’ किया गया। उन्होंने वॉक के रूट और वहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जॉइंट कमिश्नर ने बारादरी बाग के भीतर मौजूद ऐतिहासिक इमारतों, पैदल चलने वाले रास्तों और पार्कों की सफाई संबंधी कार्यों को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारादरी बाग पटियाला की विरासत का एक अभिन्न हिस्सा है और हेरिटेज वॉक के दौरान यहां से गुजरने वाले लोगों को एक सुखद और यादगार अनुभव होना चाहिए।
उन्होंने मौके पर मौजूद स्टाफ को रास्तों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा, “इस हेरिटेज वॉक का उद्देश्य शहर की खास जगहों की महत्ता को पुनर्जीवित करना और आने वाली पीढ़ी को इससे जोड़ना है।”
इस अवसर पर बागवानी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर हरिंदरपाल सिंह, मोहित जिंदल (सैनिटरी इंस्पेक्टर), सैनीटेशन ऑफिसर नवदीप शर्मा तथा नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे।






