पटियाला (जगदेव रचनां): बीते दिन माल रोड स्थित एक ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी संतोष यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राहुल निवासी सुंदर नगर, पटियाला के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सतनाम सिंह ने बताया कि शनिवार की रात छह युवक इस ढाबे पर खाना खाने आए थे। खाने के बिल में कटौती को लेकर ढाबे के कैशियर से उनकी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने हाथापाई की और भागने लगे। इस दौरान वहां काम कर रहे संतोष कुमार ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर राहुल ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से संतोष की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतक के भाई सरवन कुमार (निवासी भारत नगर) ने पुलिस को दी। उसने बताया कि उसका भाई संतोष कोहली ढाबे पर पैकिंग का काम करता था। पुलिस ने सरवन की शिकायत पर गोपाल उर्फ राहुल निवासी सुंदर नगर, बिंदर, रोहित निवासी धीरू नगर, विक्की निवासी सूलर, गोला और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।






