अमृतसर, 07 फरवरी 2026: अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक अहम खबर सामने आई है। यहां संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखे जाने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद हवाई अड्डे को हाई अलर्ट पर रखा गया।
रिपोर्टों के अनुसार यह घटना 5 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है, जब हवाई अड्डे के आसपास एक ड्रोन उड़ता हुआ देखा गया। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और हवाई अड्डे को लगभग एक घंटे के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया।
इस घटना का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। शारजाह से अमृतसर आ रही एक उड़ान को सुरक्षा कारणों के चलते चंडीगढ़ डायवर्ट करना पड़ा। वहीं मलेशिया एयरलाइंस की एक फ्लाइट को भी दूसरे हवाई अड्डे की ओर मोड़ा गया।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन की पहचान करने और इसके संचालन में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी हुई हैं। हवाई अड्डे और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।






