पटियाला, 6 फरवरी 2026: निदेशक रक्षा सेवाएं कल्याण, पंजाब ब्रिगेडियर भूपिंदर सिंह ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने जिला रक्षा सेवाएं कल्याण कार्यालय, पटियाला का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
ब्रिगेडियर ढिल्लों द्वारा पात्र पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर उन्होंने कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
दौरे के दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित सैनिक वोकेशनल सेंटर का निरीक्षण किया, जहां कंप्यूटर कोर्स एवं प्री-रिक्रूटमेंट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से संवाद किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने सैनिक रेस्ट हाउस का भी दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
ब्रिगेडियर भूपिंदर सिंह ढिल्लों ने कार्यालय की समग्र कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए समस्त स्टाफ का उत्साहवर्धन किया।






