फरीदाबाद, 20 मार्च 2026: फरीदाबाद के डबुआ कॉलोनी, सेक्टर-50 में नवरात्रि के पहले दिन फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। व्रत खोलने के लिए इस्तेमाल किए गए कुट्टू के आटे को खाने के बाद 8 से 10 परिवारों के 25 से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए, जिन्हें देर रात निजी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के कई निवासियों—पुलकित, माया, प्रीति, जॉनी, कपिल और मोहित समेत अन्य लोगों—ने अपने घर के पास एक दुकानदार से कुट्टू का आटा खरीदा था। रात के समय उन्होंने इस आटे से पकौड़े बनाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण किए और सो गए।
बताया जा रहा है कि देर रात अचानक सभी लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ को तेज पेट दर्द हुआ, जबकि कई लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। इसके अलावा कई मरीजों को ठंड लगना, बुखार, सिरदर्द और शरीर में दर्द जैसे लक्षण भी महसूस हुए। स्थिति गंभीर होने पर सभी प्रभावित लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने कुट्टू के आटे के अलावा कुछ भी नहीं खाया था, जिससे साफ तौर पर संदेह उसी आटे पर जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ मरीजों की हालत अब स्थिर है और उन्हें छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में रोष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग भी अब मामले की जांच में जुट गया है और आटे के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।






