श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे – वरजीत वालिया
मंदिर का आम आदमी क्लिनिक दो शिफ्टों में रात 9 बजे तक खुला रहेगा
पटियाला, 16 मार्च, 2026 : पटियाला के ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर में 19 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्रों और दुर्गा अष्टमी के आयोजन के संबंध में की जा रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के सदस्यों ने मंदिर में एक बैठक की। इस अवसर पर कमेटी सदस्य सी.ए. अजय अलीपुरिया, संजय सिंगला और डॉ. राज कुमार सहित ए.डी.सी. (शहरी) सिमरप्रीत कौर, नगर निगम के संयुक्त कमिश्नर मनप्रीत राणा, डी.एस.पी. सतनाम सिंह, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. सुमित सिंह तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और कमेटी सदस्यों ने बताया कि मंदिर में मनाए जाने वाले नवरात्रों के प्रबंधों की तैयारियां पूरी श्रद्धा भावना के साथ की जा रही हैं तथा यहां देश-विदेश से आने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के सदस्य सी.ए. अजय अलीपुरिया, संजय सिंगला और डॉ. राज गुप्ता ने बताया कि माता श्री काली देवी मंदिर में 19 मार्च से शुरू होने वाले नवरात्रे 27 मार्च तक चलेंगे। इनके शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने मंदिर की सजावट, सुरक्षा, साफ-सफाई, लंगर और अन्य प्रबंधों सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस पवित्र, प्राचीन और ऐतिहासिक श्री काली देवी मंदिर की पूरी दुनिया में महत्ता और मान्यता है। नवरात्रों के दौरान दूर-दूर से श्रद्धालु यहां माथा टेकने आते हैं। इसलिए मंदिर और इसके आसपास की साफ-सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुचारू आवाजाही के लिए भी विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और वाहनों की पार्किंग सहित यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया जा रहा है।
सी.ए. अजय अलीपुरिया ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए आम आदमी क्लिनिक चल रहा है, जहां श्रद्धालु बीमारी की स्थिति में मुफ्त दवा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि डिप्टी कमिश्नर के निर्देशानुसार इस क्लिनिक का समय सुबह से दोपहर और दोपहर से रात 9 बजे तक दो शिफ्टों में किया गया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लंगर भंडारा और पीने के पानी के भी उचित प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि भीड़ अधिक होने की स्थिति में श्रद्धालुओं के बाहर निकलने के लिए भैरों जी के मंदिर की ओर से अलग रास्ता बनाया गया है। संगत के लिए लगाए जाने वाले लंगर एडवाइजरी कमेटी द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएंगे। पुराने शेरांवाले गेट तक टेंट लगाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को धूप में खड़ा न होना पड़े, जबकि संगत की सुविधा के लिए अतिरिक्त मोबाइल टॉयलेट भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण संगत को किसी प्रकार की परेशानी न हो।






