वाशिंगटन, 04 मार्च 2026: पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे तनाव और तेल आपूर्ति बाधित होने के खतरे के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका खाड़ी क्षेत्र में समुद्री व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सख्त कदम उठाएगा। जरूरत पड़ने पर Strait of Hormuz में अमेरिकी नौसेना की तैनाती भी की जाएगी।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उन्होंने U.S. International Development Finance Corporation (DFC) को समुद्री व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डीएफसी अब खाड़ी क्षेत्र से गुजरने वाले ऊर्जा जहाजों को कम लागत पर पॉलिटिकल रिस्क इंश्योरेंस और गारंटी उपलब्ध कराएगा। यह सुविधा सभी अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों के लिए खुली रहेगी, ताकि संभावित वित्तीय नुकसान को रोका जा सके।
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यदि हालात और बिगड़ते हैं तो अमेरिकी नौसेना होरमुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों को प्रत्यक्ष सुरक्षा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका हर कीमत पर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बाधित नहीं होने देगा।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब होरमुज जलडमरूमध्य लगातार चौथे दिन बंद रहने की खबर है। वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता देखी जा रही है और ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग 82 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बनने से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के कई शहरों पर संयुक्त हवाई हमलों के बाद तनाव और बढ़ गया। जवाब में ईरान ने क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और सहयोगी देशों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए, जिससे पूरे पश्चिम एशिया में हालात गंभीर हो गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों के अनुसार, ट्रंप का यह कदम तेल आपूर्ति को सुचारु रखने और वैश्विक बाजारों में स्थिरता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।






